*मूंछ, साफा, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर*
*चंद्रभागा कार्तिक मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ किसान सम्मान, हेल्दी बेबी शो एवं महिला स्कूटी रैली का हुआ आयोजन*
झालावाड़र। झालरापाटन में आयोजित श्री चंद्रभागा कार्तिक पशु मेला-2026 के तहत मंगलवार को मेला मैदान स्थित रंगमंच पर विभिन्न रोचक एवं आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्थानों से आए महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं हुनर का प्रदर्शन किया। वहीं दर्शकों ने भी प्रतियोगिताओं का आनंद लिया। इस दौरान मेले में आए विदेशी पर्यटकों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी ने बताया कि मेले के अंतर्गत मूंछ प्रतियोगिता, साफा बंधन प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। मूंछ एवं साफा बंधन प्रतियोगिता में पुरुष प्रतिभागियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा एवं आकर्षक अंदाज से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया, वहीं मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
*ये रहे विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता*
मूंछ प्रतियोगिता में धन्नालाल ने प्रथम, रामलाल ने द्वितीय, रामकिशन मीणा ने तृतीय तथा पंकज राठौर ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार साफा बंधन प्रतियोगिता में जगदीश चंद्र प्रथम, अर्पित सासना द्वितीय, रविराज सिंह राजावत तृतीय, पवन सिंह चंद्रावत चतुर्थ एवं जयेश गुप्ता पंचम स्थान पर रहे।
मेहंदी प्रतियोगिता में प्रियंका सुमन ने प्रथम, मीना सोनी ने द्वितीय, माधुरी मेहर ने तृतीय तथा विनीता राठौर ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में प्रियंका शर्मा प्रथम, निशा गुप्ता द्वितीय, दिशा कश्यप तृतीय एवं नोरिन खान चतुर्थ स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. अलीम बैग, सरफराज कुरैशी, रविंद्र पहाड़िया, कल्पना बिष्ट, इमरान खान सोलंकी, सुनीता यादव, मोहम्मद इकबाल एवं वसीम रजा शामिल रहे।
*प्रगतिशील किसानों एवं जैविक खेती करने वाले कृषकों का किया सम्मान*
मेले के दौरान कृषि विभाग की ओर से झालावाड़ किसान शिरोमणि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके तहत जिले के प्रगतिशील किसानों एवं जैविक खेती को अपनाकर कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से किसानों के योगदान को प्रोत्साहित करने के साथ ही अन्य किसानों को भी उन्नत एवं जैविक कृषि पद्धतियां अपनाने का संदेश दिया गया।
*हेल्दी बेबी शो में नन्हे-मुन्नों ने बिखेरी मुस्कान*
स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में दिशानी पाटीदार (माता वंदना पाटीदार) ने प्रथम, रुद्राक्ष राठौर (माता उषा राठौर) ने द्वितीय तथा इस्मा फातिमा (माता इरम नाज) एवं श्रेयांश मेहता (माता कृष्णा मेहता) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*पर्यटकों एवं विद्यार्थियों को कराया राजकीय संग्रहालय का भ्रमण*
इससे पूर्व प्रातःकाल राज्य पुरातत्व विभाग की ओर से पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम के तहत बच्चों एवं पर्यटकों को राजकीय संग्रहालय का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान झालावाड़ के इतिहास, ऐतिहासिक धरोहरों एवं पुरातात्विक महत्व की जानकारी इंटेक के संयोजक राज्यपाल शर्मा द्वारा दी गई। भ्रमण के माध्यम से प्रतिभागियों को जिले की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया गया।
*महिलाओं ने स्कूटी रैली निकालकर दिया स्वच्छता एवं हरियाली का संदेश*
इसी क्रम में गढ़ पैलेस से गागरोन किले तक ‘क्लीन झालावाड़, ग्रीन झालावाड़’ थीम पर महिलाओं की स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित झालावाड़ के निर्माण का संदेश दिया गया। रैली में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए आमजन को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
चंद्रभागा कार्तिक पशु मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित इन विविध कार्यक्रमों के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के साथ ही मेले को जनसहभागिता का उत्सव बनाया जा रहा है।
*25 नवम्बर को खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ गूंजेंगे लोकभजन*
मेले के दौरान 25 नवम्बर को प्रातः 11 बजे मेला ग्राउंड, झालरापाटन में रस्साकशी, सत्तोलिया, म्यूजिकल चेयर रेस एवं स्लो साइकिल रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। म्यूजिकल चेयर रेस एवं स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिताएं विशेष रूप से महिलाओं के लिए आयोजित की जाएंगी।
इसी दिन प्रातः 11 बजे पशुपालन विभाग द्वारा पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं प्रातः 11.30 बजे राज्य होटल प्रबंध संस्थान, पीटीएस मार्ग, झालरापाटन में ‘झालावाड़ मास्टर शेफ कुकिंग प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी।
वहीं सायं 7.30 बजे मेला ग्राउंड स्थित रंगमंच पर प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजन कर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भक्ति संगीत से सजी यह संध्या अंतिम दिन का विशेष आकर्षण रहेगी।
---00---
Shamgarh, Mandsaur | Nov 25, 2026