प्रैस नोट - 1 दिनांक - 25.08.2026
*सवारियों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा*
*हर ऑटो चालक का बनेगा रिकॉर्ड; एक सप्ताह में यूनियन पंजीकरण और पहचान स्टीकर जरूरी, नियम नहीं मानने वालों के होंगे चालान*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा सवारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑटो चालकों के लिए नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। जिसको लेकर मंगलवार को ट्रैफिक थाना प्रभारी संदीप कुमार ने यमुनानगर-जगाधरी की सभी ऑटो यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्य रूप से ऑटो में सफर करने वाली सवारियों की सुरक्षा और ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
ट्रैफिक थाना प्रभारी संदीप कुमार ने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी ऑटो यूनियन के प्रधानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ऑटो स्टैंड पर वहां संचालित होने वाले ऑटो चालकों का रिकॉर्ड रखने के लिए एक रजिस्टर लगाया जाएगा। इस रजिस्टर में सभी ऑटो चालकों का नाम, पूरा पता, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने यूनियन पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि रजिस्टर में दर्ज जानकारी को समय-समय पर अपडेट किया जाए और उसका उचित रखरखाव किया जाए। इससे किसी भी ऑटो चालक की पहचान और उसके संबंध में आवश्यक जानकारी जरूरत पड़ने पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इस व्यवस्था से सवारियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ ऑटो चालकों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
बैठक में सभी ऑटो चालकों के लिए ऑटो पर पहचान स्टीकर लगाना भी अनिवार्य किया गया। स्टीकर पर चालक का नाम, पता और मोबाइल नंबर अंकित होगा। पुलिस अधिकारियों ने ऑटो यूनियनों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन आने वाले सभी ऑटो चालकों को इस व्यवस्था के बारे में जानकारी दें और समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करवाएं।
ट्रैफिक थाना प्रभारी ने सभी ऑटो चालकों को निर्देशित किया कि वे एक सप्ताह के अंदर अपनी संबंधित यूनियन में ऑटो का पंजीकरण करवाएं और निर्धारित पहचान स्टीकर लगवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो ऑटो चालक निर्धारित समय अवधि के भीतर अपने ऑटो पर स्टीकर नहीं लगाएंगे, उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
जिला ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो यूनियन पदाधिकारियों और चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस का सहयोग करें और अपने ऑटो के सभी कागजात पुरे करके व लाइसेंस को हमेशा अपने पास रखे और निर्धारित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने के साथ ऑटो चालकों की पहचान और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।