बीते रात जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा सदर अस्पताल, सासाराम का औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सकीय सेवाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने मॉडल अस्पताल, इमरजेंसी कक्ष, मातृ-शिशु वार्ड सहित विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अस्पताल में तीनों शिफ्ट के अनुसार चिकित्सकों व डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। अवकाश पर रहने वाले चिकित्सक के स्थान पर ड्यूटी करने वाले चिकित्सक का नाम भी रोस्टर में अंकित किया जाए। उन्होंने अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता एवं उनके उचित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को इलाज, जांच, दवा वितरण सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित हो।
अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर डीपीएम, जीविका को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल परिसर में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनय प्रताप, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पुष्कर कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
#BiharHealthDepartment
#Sasaram
Bihar Health Department
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 12, 2026