सीधी जिले के #चुरहट क्षेत्र अंतर्गत #अमरपुर में मौत बनकर दौड़ी बस! कार के उड़े परखच्चे, तीन की दर्दनाक मौत, मासूम जिंदगी के लिए जूझ रही
#सीधी से रामपुर नैकिन जा रही कार की रामपुर नैकिन से सीधी आ रही वैष्णवी बस से भिड़ंत; #बेहड़ा मोड़ पर हुआ हादसा, पांच वर्षीय बच्ची गंभीर घायल
सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास वैष्णवी यात्री बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला और दो पुरुषों की जान चली गई, जबकि पांच वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
दोपहर करीब 1:30 बजे हुए इस हादसे के दौरान कार सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही थी। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही वैष्णवी बस से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में फंसे लोगों को देखकर घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, बच्ची की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा निवासी कुआं के अनुसार, दुर्घटना के बाद तीन लोगों की मौत हो चुकी थी और पांच वर्षीय बच्ची गंभीर हालत में रो रही थी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
डॉक्टर ने तीन मौतों की पुष्टि की
चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह ने हादसे में तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि की। घायल बच्ची ने अपना नाम रानी तिवारी बताया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी में मृतकों की पहचान और पते की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
कई सवाल छोड़ गया दर्दनाक हादसा
एक ही वाहन में सवार चार लोगों में से तीन की मौत और एक मासूम का गंभीर रूप से घायल होना इस दुर्घटना की भयावहता बयां कर रहा है। आखिर किन परिस्थितियों में दोनों वाहन आमने-सामने टकराए, इसकी जांच पुलिस कर रही है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।