टेमागांव में कृषक चौपाल आयोजित
रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों पर दिया मार्गदर्शन
कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों को अपनाने की दी सलाह, विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों से किया सीधा संवाद
हरदा। किसानों को कृषि एवं सहायक गतिविधियों के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन देने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को टिमरनी विकासखंड के ग्राम टेमागांव में कृषक चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में कृषि, उद्यानिकी, जल संसाधन, कृषि अभियांत्रिकी, डेयरी, सहकारिता, पशुपालन, दुग्ध संघ भोपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
चौपाल में कृषि विभाग के अधिकारियों ने रबी मौसम के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी दी। किसानों को उपलब्ध सिंचाई जल का प्राथमिकता के आधार पर उपयोग करने, कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा फसल की आवश्यकता के अनुसार संतुलित उर्वरक प्रबंधन करने की सलाह दी गई। साथ ही डीएपी के विकल्प के रूप में अन्य उर्वरकों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने नरवाई प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके लिए उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी। किसानों से अपील की गई कि फसल अवशेषों को जलाने के बजाय कृषि यंत्रों के माध्यम से उनका उचित प्रबंधन करें, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिले।
उद्यानिकी विभाग द्वारा रबी फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन के संबंध में किसानों को विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें फसल चयन, उन्नत किस्मों, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई तथा कीट-व्याधि नियंत्रण के संबंध में तकनीकी सुझाव दिए गए। अधिकारियों ने कम लागत में बेहतर उत्पादन और अतिरिक्त आय के लिए चिया सीड्स जैसी औषधीय फसलों सहित अन्य उद्यानिकी फसलों की खेती अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया।
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। इस दौरान किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याएं एवं सुझाव रखे। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कृषक चौपाल का उद्देश्य किसानों को रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन, उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग, आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों को अपनाने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से समय पर तकनीकी मार्गदर्शन एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
Harda, Harda | Nov 13, 2026