जय हो की पहली जीत, रामरूप गुजर निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित
पीएचडी स्कॉलर हिमांशु भंडारी की अध्यक्ष पद पर मजबूत दावेदारी, अनुभव और शिक्षा को बनाया चुनावी मुद्दा
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में जय हो छात्र संगठन ने अपना खाता खोलते हुए कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत दर्ज की है। जय हो छात्र संगठन के प्रत्याशी रामरूप गुजर निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। रामरूप गुजर बीएससी फॉरेस्ट्री के छात्र हैं। उनकी निर्विरोध जीत से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पीएचडी स्कॉलर हिमांशु भंडारी की दावेदारी के लिए भी अहम माना जा रहा है।
जय हो छात्र संगठन ने इस बार छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर पीएचडी स्कॉलर हिमांशु भंडारी को मैदान में उतारा है। विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में पहली बार पीएचडी स्तर का कोई छात्र अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा है। हिमांशु भंडारी की उम्मीदवारी को संगठन अनुभव, उच्च शिक्षा और परिपक्व नेतृत्व के रूप में छात्रों के सामने रख रहा है।
संगठन का कहना है कि एक वरिष्ठ और उच्च शिक्षित छात्र के अध्यक्ष पद की दौड़ में आने से छात्रसंघ को विश्वविद्यालय की अकादमिक व्यवस्था और छात्रों की वास्तविक समस्याओं की बेहतर समझ रखने वाला नेतृत्व मिल सकता है। पीएचडी स्तर की पढ़ाई कर रहे हिमांशु भंडारी के अनुभव को छात्र हितों की आवाज को मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बताया जा रहा है।
रामरूप की निर्विरोध जीत से बढ़ा उत्साह, कोषाध्यक्ष पद पर रामरूप गुजर का निर्विरोध निर्वाचन जय हो छात्र संगठन के लिए पहली बड़ी चुनावी सफलता है। संगठन इसे छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर लंबे समय से किए जा रहे संघर्ष और छात्रों के बीच बनाए गए विश्वास का परिणाम बता रहा है।
जय हो छात्र संगठन पूर्व में 5 प्रतिशत कैंपस वेटेज, डिग्री में 'सेंट्रल यूनिवर्सिटी' लिखे जाने और विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटें कम किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलनों में सक्रिय रहा है। सीटें कम किए जाने के विरोध में हुए आंदोलन के दौरान छात्रों पर मुकदमे दर्ज होने के बावजूद संगठन ने छात्र हितों की आवाज उठाना जारी रखा।
अध्यक्ष पद के साथ छात्रा प्रतिनिधि पद पर भी नजर, जय हो छात्र संगठन ने अध्यक्ष पद के साथ छात्रा प्रतिनिधि पद पर बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा सुनिधि सिंह को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत के बाद संगठन की नजर अब अध्यक्ष और छात्रा प्रतिनिधि पद के चुनाव पर है।
Uttarakhand, India | Sep 5, 2026