*भिवानी को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार, क्षतिपूर्ति पोर्टल शीघ्र खोला जाए : किसान सभा*
*भिवानी, 24 सितंबर अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी के आह्वान पर बुधवार को किसानों ने भिवानी उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान सभा ने भिवानी जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने, विशेष गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने तथा फसल क्षति दर्ज करवाने के लिए 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' और क्षतिपूर्ति पोर्टल तत्काल खोलने की मांग की।
किसान सभा पदाधिकारियों ने कहा कि अत्यंत कम बारिश, नहरों में पर्याप्त पानी नहीं आने और अधिकांश क्षेत्रों में भूमिगत जल खारा होने के कारण कपास, बाजरा, मूंग, धान, मूंगफली सहित खरीफ फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कृषि विभाग और फसल बीमा कंपनियों से क्रॉप कटिंग प्रयोग शीघ्र पूरा करवाने, किसानों को सूखी फसल हटाकर रबी की बिजाई का अवसर देने तथा बीमा दावों में बाधा न आने देने की मांग की। साथ ही मंडियों में बाजरा और बवानीखेड़ा सहित संबंधित मंडियों में धान की सरकारी खरीद तत्काल शुरू कर किसानों को एमएसपी का लाभ देने तथा नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ने की मांग उठाई गई। पावर ग्रिड के टावरों से प्रभावित किसानों को न्यायोचित बाजार भाव के अनुसार मुआवजा देने की मांग भी रखी गई।
धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान रामफल देशवाल ने की तथा संचालन जिला सचिव मास्टर जगरोश ने किया। जिला उपायुक्त की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार ने धरना स्थल पर आकर ज्ञापन लिया। बाद में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त से मुलाकात की, जहां उपायुक्त ने तीन दिन के अंदर सरकार से बातचीत कर क्षतिपूर्ति पोर्टल खुलवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बलियाली गांव में पावर ग्रिड द्वारा पुलिस की मदद से टावर खड़ा करने के मुद्दे पर किसानों के विरोध के चलते प्रशासन ने काम स्थगित कर दिया और एसडीएम ने 25 सितंबर को सुबह 11 बजे किसान प्रतिनिधियों के साथ बातचीत का आश्वासन दिया। इससे पहले जब सभी किसान बलियाली जाने लगे तो पुलिस ने उनके वाहनों को रोक दिया। परंतु सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल व उप प्रधान कॉमरेड ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस से बचकर कुछ किसान बलियाली पहुंचने में सफल हो गए और वहां जाकर काम बंद करवाया।
प्रदर्शन को किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित दलाल, जिला उपप्रधान कॉमरेड ओमप्रकाश, सीटू नेता सुखदेव पालवास, किसान नेता सूबेदार धनपत सिंह, दयानंद पूनिया, अंतर कशवा, करण सिंह जैनावास, कांग्रेस जिला ग्रामीण प्रधान अनिरुद्ध चौधरी, देवराज मेहता, नरेंद्र गागड़वास, कविता आर्य, संतोष देशवाल, युवा कल्याण संगठन के कमल प्रधान सहित अनेक किसान एवं सामाजिक संगठनों के नेताओं ने संबोधित किया।
Bhiwani, Bhiwani | Sep 25, 2026