*बाँदा - रंजिश में युवक की हत्या कर शव नदी में फेंका, नरैनी पुलिस ने 2 दिन में किया खुलासा, 3 हत्यारे गिरफ्तार*
*बाँदा।* नरैनी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। थाना नरैनी पुलिस ने युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव को बागै नदी में फेंकने वाले 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
*क्या था मामला -*
दिनांक 05.09.2026 को ग्राम नहरी लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार ने थाना नरैनी में सूचना दी थी कि अज्ञात लोगों ने उसके पुत्र की हत्या कर शव को बागै नदी में फेंक दिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के पर्यवेक्षण में टीमों का गठन किया।
पुलिस टीम ने दिनांक 07.09.2026 को तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
*हत्या की वजह बनी महिला से बातचीत -*
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दो दिन पहले मृतक द्वारा उनके परिवार की एक महिला से बातचीत करने को लेकर रंजिश हो गई थी। इसी रंजिश में उन्होंने युवक की बांके से काटकर हत्या कर दी और शव को उसकी मोटरसाइकिल सहित बागै नदी के पुल से नीचे फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी से हत्या में प्रयुक्त बांका और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
*गिरफ्तार अभियुक्त -*
1. चुनवदा उर्फ रमेश पुत्र पुन्ना, निवासी शंकर बाजार, पुकारी
2. रामबाबू पुत्र पुन्ना, निवासी शंकर बाजार, पुकारी
3. अरुण पुत्र किशोरी लाल, निवासी ग्राम पुकारी
सभी थाना नरैनी क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके विरुद्ध थाना नरैनी में मु0अ0सं0 240/26 धारा 103(1)/238 BNS के तहत मुकदमा दर्ज है।
Atarra, Banda | Sep 8, 2026