हर घर तिरंगा अभियान में जमुई के सभी प्रखंडों में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जमुई। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत बुधवार को जिले के सभी 10 प्रखंडों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों, आईसीडीएस कार्यकर्ताओं और जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की जय, जय हिंद और झंडा ऊंचा रहे हमारा जैसे नारों से प्रखंड मुख्यालय और प्रमुख मार्ग गूंजते रहे।
झाझा में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त ने किया, जबकि जमुई प्रखंड में अपर समाहर्ता और अनुमंडल पदाधिकारी ने यात्रा की अगुवाई की। अन्य प्रखंडों में नामित वरीय पदाधिकारियों ने नेतृत्व किया। झाझा में स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने यात्रियों के लिए पेयजल व शरबत की व्यवस्था कर जनभागीदारी की मिसाल पेश की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल ध्वज लेकर चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहने की अपील की।
Jamui, Jamui | Aug 12, 2026