शासकीय महाविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का हुआ समापन
________________
राष्ट्रभक्ति एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित हुआ अभियान
________________
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर किया पुरस्कृत
________________
विद्यार्थियों से शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान
________________
खरगोन 18 अगस्त 2026। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय में 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, रचनात्मकता एवं जनभागीदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें रंगोली, पोस्टर सजावट एवं देशभक्ति गीत सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों मिनाक्षी वर्मा, कु. नारायणी राठोड़, कु. आशीकौर भाटिया, कु. खुशी सेन एवं बरखा वर्मा आदि को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मण्डलोई द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. चन्द्र भान त्रिवेदी ने अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री पी.एस. रावत, सुश्री तृप्ति सोनी, श्री सत्यम निंगवाल, श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री महेश कलमे, श्री सदाशिव कलमें, श्री सिद्धिक खान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone