#बालाघाट
मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम एवं ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने वन विभाग की पहल
परिक्षेत्र खापा में रजमा समिति के सदस्यों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण
मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने तथा वन क्षेत्र से लगे ग्रामों के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक आजीविका एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा परिक्षेत्र खापा अंतर्गत रजमा समिति के सदस्यों के लिए मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर सुश्री हिमानी उइके द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन की सरल एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। इसमें मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक सामग्री, उपयुक्त स्थान का चयन, तापमान एवं नमी का प्रबंधन, मशरूम स्पॉन लगाने की विधि, उत्पादन के दौरान आवश्यक सावधानियां तथा तैयार मशरूम के रख-रखाव एवं संग्रहण की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि मशरूम उत्पादन कम स्थान एवं अपेक्षाकृत कम लागत में प्रारंभ किया जा सकने वाला उपयोगी स्वरोजगार है। इसे घर अथवा उपलब्ध छोटे स्थान में प्रारंभ कर परिवार की आय बढ़ाई जा सकती है तथा उत्पादित मशरूम को स्थानीय बाजार में विक्रय कर नियमित आय का स्रोत विकसित किया जा सकता है।
वन विभाग द्वारा ऐसी आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने का उद्देश्य वन क्षेत्र से लगे ग्रामों के ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना तथा वन संसाधनों पर उनकी निर्भरता को कम करना है। वैकल्पिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होने से ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वन क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन तथा मानव-वन्यजीव संपर्क की संभावनाएं भी कम होंगी।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों से मशरूम उत्पादन को स्थायी एवं लाभकारी स्वरोजगार गतिविधि के रूप में अपनाने का आह्वान किया गया। वन विभाग द्वारा आजीविका आधारित गतिविधियों के माध्यम से मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की वन एवं वन्यजीव संरक्षण में सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल “संरक्षण के साथ आजीविका” की अवधारणा को साकार करते हुए ग्रामीण समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
#CMMadhyaPradesh #healthminmp #minphemp #WelfareTribal #mp_wcdmp #JansamparkMP #minprdd #minmpkrishi #minforestmp
90 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026