बोंदारी में पहुंचा जिला प्रशासन, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ मौके पर ही समाधान
जाति प्रमाण पत्र, संबल कार्ड, आधार, राशन कार्ड, वन अधिकार पट्टा सहित विभिन्न सेवाओं के लिए लगा विशेष शिविर
बालाघाट, 08 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में बीमारी से प्रभावित बिरसा विकासखंड के बैगा जनजाति बहुल ग्राम बोंदारी में आज जिला प्रशासन की टीम पहुंची और ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझते हुए विशेष शिविर आयोजित कर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया। जिला प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
शिविर में ग्रामीणों की सुविधा के लिए विभागवार अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में संबल कार्ड के लिए 27 पंजीयन किए गए। पूर्व में तैयार 237 जाति प्रमाण पत्र ग्रामीणों को वितरित किए गए, जबकि जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए 79 नए आवेदन प्राप्त हुए। इन प्रमाण पत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 5 दिवस में तैयार कर वितरित किया जाएगा।
इसी प्रकार जन्म प्रमाण पत्र के 25 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन प्रकरणों में तहसील कार्यालय से आवश्यक आदेश की कार्यवाही कर 4 दिवस में ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। समग्र आईडी में नाम जोड़ने के 24 आवेदन तथा एम-राशन मित्र पोर्टल पर नाम जोड़ने के 5 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। आहार अनुदान के 2 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी प्रक्रिया जारी है। शिविर में परिवार विभाजन के 12, 20 आधार अपडेशन एवं 22 नवीन आधार कार्ड के प्रकरण भी प्राप्त हुए।
वन अधिकार पट्टे के 32 प्रकरणों पर हुई कार्रवाई
शिविर में वन अधिकार पट्टे से संबंधित 32 आवेदनों को मान्य किए जाने के लिए विचार किया गया। इन प्रकरणों का निराकरण आगामी 5 दिवस में करने के बाद पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टे वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 12 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। आधार संबंधी सेवाओं के तहत 13 व्यक्तियों के आधार का अपडेशन किया गया तथा 24 नए आधार कार्ड बनाए गए। बैंक खाता खोलने के लिए प्राप्त एक आवेदन पर बैंक अधिकारी द्वारा मौके पर ही खाता खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। वहीं परिवार विभाजन से संबंधित 12 आवेदन भी प्राप्त किए गए।
34 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026