#बालाघाट
बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना जरूरी, जल संकट से निपटने वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी एवं संभागीय उपायुक्त नरोत्तम बरकड़े ने किया बालाघाट जिले का संयुक्त निरीक्षण
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी ने 7 एवं 8 सितंबर को बालाघाट जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया। प्रवास के दूसरे दिन उन्होंने संभागीय उपायुक्त आदिम जाति कार्य विभाग, जबलपुर संभाग नरोत्तम बरकड़े के साथ संयुक्त रूप से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के प्रथम दिन 7 सितंबर को श्री सोनी ने बैहर विकासखंड स्थित शासकीय मॉडल बालक छात्रावास, शासकीय मॉडल बालिका छात्रावास एवं कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को इंटरैक्टिव पैनल के माध्यम से त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी करते पाया गया। छात्रावासों में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम मिलने पर अधीक्षकों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने छात्रावासों में जल की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लेते हुए भविष्य में पानी की कमी से निपटने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
8 सितंबर को श्री सोनी एवं श्री बरकड़े ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाथरी का औचक निरीक्षण किया। यहां त्रैमासिक परीक्षाएं संचालित होना पाया गया। विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर विद्यालय प्रबंधन को उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। इसके बाद एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला गठिया का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कन्या आश्रम शाला गठिया के निरीक्षण के दौरान भी विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए छात्र-छात्राओं को पेन एवं कॉपियां वितरित कीं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई एवं परीक्षा की तैयारियों को लेकर संवाद किया और उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति संस्थाओं को गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
#CMMadhyaPradesh
#minphemp #WelfareTribal #schooledump #JansamparkMP
90 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026