*जनजातीय क्षेत्र पांगी के विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, ललित ठाकुर ने अधिकारियों को दिए निर्देश*
*जनजातीय क्षेत्र पांगी में 20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा, विकास कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता पर जोर*
*पांगी, 8 अक्टूबर।* जनजातीय क्षेत्र पांगी के मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एपीएमसी चंबा के चेयरमैन एवं 20 सूत्री कार्यक्रम समीक्षा समिति पांगी के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने की।
बैठक में आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने जनजातीय क्षेत्र पांगी में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति तथा आम लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की स्थिति से समिति को अवगत करवाया।
इस दौरान विकास खंड पांगी, कृषि, उद्यान, जल शक्ति, लोक निर्माण, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच तथा विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी समिति के समक्ष दी।
इस अवसर पर एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र पांगी में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी पांगी आस्था पवार, वन मंडलाधिकारी पांगी रवि गुलेरिया, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग राम रत्न, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग सुनील चंदेल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रमोद शर्मा, नायब तहसीलदार किलाड़ वीर सिंह आरओ आईटीडीपी रोहित प्रधान,ग्राम पंचायत करयास प्रधान देव राज, ग्राम पंचायत फिंडरू प्रधान नैना सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
#जनजातीय #क्षेत्र #पांगी-- #पांगी #प्रशासन #जिला #चंबा #हिमाचल #प्रदेश #एपीएमसी #के #अध्यक्ष #ललित #ठाकुर
Chamba, Chamba | Oct 8, 2026