ज्ञानेश कुमार हटाओ—देश बचाओ! लोकतंत्र बचाओ, चुनाव आयोग बचाओ: DCC चम्बा का जोरदार प्रदर्शन
“मोदी-शाह के पिंजरे का तोता बनकर काम कर रहे हैं ज्ञानेश
चम्बा। जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार हटाओ—देश बचाओ”, “लोकतंत्र बचाओ—ज्ञानेश कुमार हटाओ” और “मेरा वोट—मेरा अधिकार” जैसे नारों के साथ चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “ज्ञानेश कुमार मोदी और शाह के पिंजरे का तोता बनकर काम कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित करीब 300 सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का गंभीर हनन है। विपक्षी सांसद जनता के वोट और लोकतंत्र से जुड़े सवाल लेकर संवैधानिक संस्था के दरवाजे पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मिलने का अवसर तक नहीं दिया गया।
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा पुलिस कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह पारदर्शिता के साथ जनता के सवालों का जवाब दे।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी न डरेगी, न झुकेगी और न पीछे हटेगी। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया नहीं जाता और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष जवाब नहीं मिलता, तब तक लोकतंत्र बचाओ आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक लोकतंत्र की आवाज को बुलंद करें और जनता को उसके मताधिकार के प्रति जागरूक करें।
प्रदर्शन में गूंजे नारे
ज्ञानेश कुमार हटाओ—देश बचाओ!
लोकतंत्र बचाओ—चुनाव आयोग बचाओ!
मेरा वोट—मेरा अधिकार!
वोट की रक्षा—लोकतंत्र की रक्षा!
Chamba, Chamba | Oct 8, 2026