डेढ़ साल से फरार 5 हजार का इनामी साइबर ठगी का आरोपी सैफ अली दिल्ली से गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी सैफ अली पुत्र उस्मान अली, निवासी मकान नंबर 49, शास्त्री पार्क, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मानटाउन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज था। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, परिवादी राजेंद्र सिंह नरुका को मोबाइल फोन, बैग और घड़ी इनाम में देने का झांसा देकर अलग-अलग शुल्क एवं जीएसटी के नाम पर 20,150 रुपये की ठगी की गई। बाद में 25 हजार रुपये और जमा कराने की मांग की गई, जिसके बाद परिवादी को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल एवं पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र कुमार के सुपरविजन में मानटाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश तथा कांस्टेबल बनय सिंह और महेंद्र दास शामिल रहे।