बहन पर की गई टिप्पणी के चलते हुए विवाद में चाकू मारकर व्यक्ति की हत्या करने के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 26 अगस्त । 24 अगस्त को थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम में एक सूचना प्राप्त हुई कि पार्क हॉस्पिटल ओल्ड दिल्ली गुड़गांव रोड के बाहर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की पहचान हरजीत सिंह (उम्र 33 वर्ष) निवासी गांव डूंडाहेड़ा, गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा फिंगरप्रिंट, सीन-ऑफ-क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। घटनास्थल पर मौजूद मृतक के ताऊ के लड़के ने पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 24 अगस्त को सुबह इसकी चाची ने इसको बताया कि किसी ने इसके चाचा के लड़के हरजीत के सिर व माथे पर चोट मारी हुई है जो पार्क अस्पताल के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। यह घटनास्थल पर पहुंचा तो इसके चाचा का लड़का हरजीत वहां मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके चाचा के लड़के की इसके गांव के ही व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रंजिश के तहत हत्या की है। प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 1 आरोपी को 26 अगस्त को ओल्ड दिल्ली रोड नजदीक शेर-ए-पंजाब ढाबा, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विक्रम कुमार (उम्र-26 वर्ष) निवासी गांव पटियाना जिला जहानाबाद, बिहार, वर्तमान निवासी भंगरौला, गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि 24 अगस्त की रात को आरोपी व मृतक दोनों डूंडाहेड़ा गाँव स्थित एक पुरानी इमारत में साथ बैठे थे, इसी दौरान मृतक द्वारा आरोपी की बहन के बारे में टिप्पणी की तो आरोपी ने चाकू से सिर व छाती में वार करके उसकी हत्या कर दी।
पुलिस टीम द्वारा अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग अनुसंधानाधीन है।
Jhajjar, Jhajjar | Aug 26, 2026