धरातल पर पुलिस व्यवस्था परखने निकले पुलिस कमिश्नर पंकज नैन: थाना और चौकियों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, रिकॉर्ड, लावारिस वाहनों और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का लिया जायजा
पंचकूला में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने मंगलवार को सेक्टर-7 पुलिस थाना, इसके अंतर्गत आने वाली सेक्टर-1 पुलिस चौकी तथा सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल की पुलिस चौकी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का धरातल पर जायजा लिया । पुलिस कमिश्नर ने थाना-चौकी परिसरों में साफ-सफाई, रिकॉर्ड व्यवस्था, पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने सिविल अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौकी में कार्यरत पुलिसकर्मियों के लिए पर्याप्त रहने एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि वे बेहतर परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकें और अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
इस दौरान थाना परिसर में लंबे समय से खड़े लावारिस एवं जब्त वाहनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि ऐसे वाहनों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर उनका निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि थाना परिसर में अनावश्यक रूप से जगह न घिरे और पुलिस के दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने थाना एवं चौकी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना जाए और उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत बनाएं।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों और चौकियों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण रखना ही नहीं, बल्कि पुलिस परिसरों में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखना, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना भी है। पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia