उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला सचिवालय के सभागार में 12 नवंबर, 2026 को जिले में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत शत-प्रतिशत पात्र बच्चों एवं महिलाओं तक दवा की पहुंच सुनिश्चित की जाए।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 12 नवंबर, 2026 को एक से दो वर्ष तक की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली तथा 2 से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की एक पूरी गोली दी जाएगी। इसके अलावा 20 से 24 वर्ष की आयु वर्ग की सभी महिलाओं को भी कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दवा खिलाई जाएगी। जो बच्चे एवं महिलाएं किसी कारणवश इस दिन दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 19 नवंबर, 2026 को आयोजित मॉप-अप राउंड के दौरान दवा दी जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करें और राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों तथा 20 से 24 वर्ष की महिलाओं को दवा खिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा अवश्य खिलाएं और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना सहयोग दें।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शिवानी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, ईंट-भट्टों तथा स्लम क्षेत्रों में एक से 19 वर्ष तक की आयु के लगभग 2 लाख बच्चों को निःशुल्क एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 20 से 24 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं को भी कृमि संक्रमण से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और 20 से 24 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं को चिन्हित कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष दो बार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जाती है। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण एवं खून की कमी हो सकती है। इसके अलावा थकावट, पढ़ाई में मन न लगना, जी मिचलाना, दस्त, पेट दर्द, कमजोरी तथा भूख न लगना जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia