गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके से मचा हड़कंप, 'गाजी-2' अकाउंट से आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी; यूपी एटीएस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 9 बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके से चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और सामान पहुंचाने आया डिलीवरी बॉय मौजूद था। कांच के टुकड़े लगने से 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यूपी एटीएस और फॉरेंसिक टीम ने संभाली जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश एटीएस, फॉरेंसिक साइंस लैब और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए आगरा भेजा गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
'गाजी-2' अकाउंट से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा
धमाके के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'गाजी-2' नाम के अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई है। इसमें कथित तौर पर 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' नामक संगठन ने वसुंधरा पुलिस चौकी पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में चौकी को उड़ाने की धमकी भी दी गई है।
हालांकि, पुलिस और जांच एजेंसियों ने इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किसने की और इसके पीछे वास्तव में किसका हाथ है।
धमाके की वजह पर भी उठे सवाल
शुरुआती स्तर पर एसी यूनिट में पटाखा पहुंचने से विस्फोट होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन 7 नवंबर को डीसीपी रिजुल कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में घटनास्थल से विस्फोटक सामग्री, बारूद या रासायनिक अवशेष नहीं मिले हैं। ऐसे में धमाके की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
इंटेलिजेंस इनपुट में पहले भी उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई थी। इसी पृष्ठभूमि में जांच एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आतंकी साजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। कुछ दिन पूर्व ही यूपी एटीएस ने ऐसे आतंकी संगठन का खुलासा किया था जिन्हें यूपी पुलिस पर हमला करने का निर्देश पाकिस्तान से आतंकियों ने दिया था।
#Ghaziabad #VasundharaBlast #UPATS #UttarPradesh #BreakingNews