थाना आटा के अटरिया गांव में चली गोलियां, युवक के हाथ में लगी गोली; 5 पर केस दर्ज
जालौन में घात लगाकर हमला, दबंगों की फायरिंग से दहला अटरिया गांव, घायल युवक ने लगाए गंभीर आरोप
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
जनपद जालौन के आटा थाना क्षेत्र के अटरिया गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार एक युवक पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला कर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। घटना में युवक के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, अटरिया गांव निवासी संजीव कुमार अहिरवार ने सूचना दी कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने उन पर फायरिंग की, जिसमें उनके बाएं हाथ में गोली लग गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दो राउंड फायरिंग की। एक गोली संजीव कुमार अहिरवार के बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली उनकी बाइक में जा लगी। घायल युवक ने आरोप लगाया कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाने का भी प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना आटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
पीड़ित संजीव कुमार अहिरवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
फायरिंग की इस घटना से अटरिया गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर निगरानी की जा रही है।
फिलहाल आटा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
#orai #jalaun #jalaunpolice #spjalaun #aatathana #viralvideoシ #UPPolice #golikand #FIR #oraijalaun #atariya
Orai, Jalaun | Jun 21, 2026