लोकधुनों पर थिरके SDM गोपाल सिंह चौहान, श्वेता माहरा की शानदार प्रस्तुति ने बांधा समां, कुमाऊं, गढ़वाल और जौनसारी लोकधुनों पर झूमे दर्शक!!
रामनगर में आयोजित मिनी सरस मेले की दूसरी शाम उत्तराखंड की लोक संस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। प्रसिद्ध लोक कलाकार श्वेता माहरा की शानदार प्रस्तुति ने मेले में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुमाऊं, गढ़वाल और जौनसार की लोकधुनों पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम का माहौल उस समय और भी खास हो गया, जब जौनसारी गीत की धुन पर रामनगर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) गोपाल सिंह चौहान खुद को रोक नहीं पाए। कलाकार श्वेता महारा के आग्रह पर एसडीएम मंच पर पहुंचे और लोकधुन पर जमकर थिरके। मंच पर एसडीएम को नृत्य करते देख कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी, जनप्रतिनिधि और दर्शक भी खासे उत्साहित हो उठे।
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच श्वेता माहरा ने भी एसडीएम का साथ दिया। कुछ ही पलों में मंच पर ऐसा जीवंत माहौल बन गया कि दर्शक इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। एसडीएम का यह सहज और उत्साहपूर्ण अंदाज कार्यक्रम का आकर्षण बन गया।