बसुकेदार में सड़क से नीचे पलटी पोकलैंड मशीन, चालक घायल!!
जनपद रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र में रविवार को सड़क निर्माण कार्य में लगी पोकलैंड मशीन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मशीन चालक घायल हो गया, जिसे जिला आपदा त्वरित बल (डीडीआरएफ) की टीम ने रेस्क्यू कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसुकेदार पहुंचाया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रविवार, 23 अगस्त को बसुकेदार बाजार से करीब 100 मीटर आगे एक पोकलैंड मशीन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 10 मीटर नीचे पलट गई। सूचना मिलते ही बसुकेदार की डीडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसुकेदार पहुंचाया।
घायल की पहचान रोशन लाल (47 वर्ष) पुत्र लूथी लाल, निवासी डालसिंगी, बसुकेदार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पोकलैंड मशीन को छेनागाड़ से ट्रॉला के माध्यम से विनो बैंड के पास बाधित मोटर मार्ग को खोलने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बसुकेदार के समीप अचानक मशीन ट्रॉला से नीचे गिर गई और सड़क से नीचे पलट गई। पोकलैंड मशीन निजी तौर पर किराये पर ली गई थी।
घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन टीम द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।