भाजपा सरकार गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के उत्थान के लिए निरंतर कर रही प्रयास : रेनू शर्मा
जंडवाला बिश्नोइयां में 8 गौशालाओं को वितरित किए अनुदान राशि के चेक, हरे चारे और गोवंश की देखभाल के लिए मिलेगी आर्थिक सहायता
जंडवाला बिश्नोइयां। हरियाणा में गौवंश संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा गोसेवा आयोग की ओर से गौशालाओं के लिए जारी अनुदान राशि के चेक वितरण कार्यक्रम के तहत भाजपा जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा ने 12 नवंबर को गांव जंडवाला बिश्नोइयां में आयोजित कार्यक्रम में 8 गौशालाओं के प्रतिनिधियों को अनुदान राशि के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर रेनू शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार गौवंश संरक्षण, बेसहारा पशुओं की देखभाल और गौशालाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हरियाणा गोसेवा आयोग के माध्यम से गौशालाओं को दी जा रही अनुदान राशि इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे गौशालाओं में गोवंश के लिए हरे चारे, पशु आहार और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान दारेवाला गांव की गौशाला को 8 लाख 64 हजार 661 रुपये, जंडवाला बिश्नोइयां की गौशाला को 17 लाख 22 हजार 148 रुपये, चौटाला गांव की गौशाला को 45 लाख 48 हजार 434 रुपये, सकता खेड़ा गांव की गौशाला को 5 लाख 55 हजार 656 रुपये, कालुआना गांव की गौशाला को 14 लाख 46 हजार 803 रुपये, अबूबशहर गांव की गौशाला को 18 लाख 53 हजार 475 रुपये, आशा खेड़ा गांव की गौशाला को 3 लाख 31 हजार 76 रुपये तथा गोडिका गांव की गौशाला को 5 लाख 37 हजार 999 रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए।
रेनू शर्मा ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार द्वारा गौशालाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने से गोवंश के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल में सहयोग मिल रहा है। उन्होंने गौशाला प्रबंधकों से अनुदान राशि का सदुपयोग हरे चारे, पशु आहार और गौशालाओं की आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही गौवंश संरक्षण के अभियान को आगे बढ़ाया जा सकता है। गौशाला संचालकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों में सहयोग देना हम सभी का दायित्व है।
रेनू शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा, डबवाली
Sirsa, Sirsa | Nov 13, 2026