नमो सेवा-अनकही कहानियां से रंगमंच पर दिखेगी पीएम मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा
मऊ। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय मऊ पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम में रंगमंचीय प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश सेवा तक की यात्रा को जीवंत किया जाएगा। संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके। प्रदेश में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत सांस्कृतिक टोलियों द्वारा नाट्य एवं नुक्कड़ नाटकों के आयोजन की योजना है।
उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में प्रीतूलता पांडेय, प्रतीक जायसवाल, हिमांशु राय, अवधेश सोनकर, भरत लाल राही, आलोक विश्वकर्मा, नितीश गोंड सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।