रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र में घूसखोरी पर बड़ा खुलासा: सरसेना के लेखपाल अविनाश सिंह का वीडियो वायरल, एसडीएम से शिकायत के बाद मचा हड़कंप
(मऊ):तहसील मुहम्मदाबाद गोहना रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा सरसेना में तैनात राजस्व लेखपाल अविनाश सिंह पर घूसखोरी और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों के बीच अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। ग्राम सरसेना (परगना चिरैयाकोट) निवासी पीड़ित विपिन सिंह पुत्र हरिश्चंद्र सिंह ने उपजिलाधिकारी (SDM) को साक्ष्यों के साथ शिकायती पत्र सौंपकर दोषी लेखपाल के खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
3 हजार में रिपोर्ट, 10 हजार में पैमाइश: रिश्वत की तय रेट लिस्ट!
पीड़ित विपिन सिंह का आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल अविनाश सिंह बिना सुविधानुशुल्क लिए सरकारी फाइलों को हाथ भी नहीं लगाते। पीड़ित के अनुसार, किसी सामान्य रिपोर्ट को लगाने के नाम पर 3,000 रुपये और जमीन की पैमाइश (नापी) कराने के एवज में 10,000 रुपये की सीधी मांग की गई। आरोप है कि राजस्व विभाग की इस खुलेआम धन उगाही से आम ग्रामीण बेबस और परेशान हैं।
डिजिटल सबूतों ने खोली पोल, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मामले ने तब तूल पकड़ा जब घूसखोरी से जुड़ा वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई। पीड़ित का दावा है कि उनके पास लेखपाल द्वारा पैसे मांगने और सौदेबाजी करने का पुख्ता ऑडियो-वीडियो सबूत मौजूद है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। डिजिटल साक्ष्य सार्वजनिक होने के बाद ग्राम सभा के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रशासनिक महकमे में हलचल, एंटी करप्शन जांच की मांग
शिकायतकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वायरल वीडियो व ऑडियो का संज्ञान लेते हुए दोषी लेखपाल के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील प्रशासन इस भ्रष्ट आचरण पर क्या सख्त रुख अपनाता है।