मोहिउद्दीनपुर में मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को अधिकारों और हेल्पलाइन की दी जानकारी
मोहम्मदाबाद गोहना, मऊ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक थाना मोहम्मदाबाद गोहना के कुशल नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम द्वारा ग्राम मोहिउद्दीनपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करने के साथ आत्महत्या की प्रवृत्ति पर रोक लगाने, विवाहित महिलाओं से जुड़ी दहेज हत्या जैसी घटनाओं में कमी लाने तथा महिलाओं और युवतियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना रहा। इस दौरान अविवाहित छात्राओं एवं युवतियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या प्रताड़ना की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र में नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों के साथ एनजीओ प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका, आशा बहू तथा ग्राम की महिलाएं मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं से जागरूक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।