वर्षा के दौरान पुल-पुलियों पर बरती जाए पूरी सावधानी : कलेक्टर
..
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने बेतवा नदी के विभिन्न घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण
..
वर्षा ऋतु के दौरान नदी-नालों में जलस्तर एवं जल की मात्रा बढ़ने से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जिले में पुल-पुलियों एवं नदी-नालों के आसपास पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्षा के दौरान जलभराव अथवा नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि वर्षा के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने अथवा जलभराव होने पर लोगों को वहां से आवागमन न करने दिया जाए। संबंधित अधिकारी एवं मैदानी अमला ऐसे स्थानों पर सतत निगरानी रखें और आवश्यकता होने पर तत्काल आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसी क्रम में विदिशा एसडीएम श्री मनीष जैन ने आज बेतवा नदी के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर, घाटों की स्थिति तथा वर्षा के कारण उत्पन्न संभावित परिस्थितियों का जायजा लिया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार निधि लोधी भी उनके साथ मौजूद रहीं।
एसडीएम श्री जैन ने संबंधित अमले से नदी के जलस्तर एवं आसपास की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में घाटों पर विशेष सतर्कता रखी जाए तथा लोगों को नदी के तेज बहाव एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान बेतवा नदी सहित अन्य नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी स्थान पर जलस्तर बढ़ने अथवा पुल-पुलिया पर पानी आने की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी जाए तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।
प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि वर्षा के दौरान नदी-नालों, घाटों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में जोखिम लेकर आवागमन न करें। प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। #Vidisha #JansamparkMP
Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 28, 2026