न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत मैराथन, बाइक रैली एवं विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का हुआ आयोजन
---
न्यायमूर्ति श्री सुबोध अभ्यंकर ने मैराथन को फ्लैग ऑफ कर किया रवाना, विजेताओं एवं सहयोगियों को किया सम्मानित
---
‘रन फॉर जस्टिस’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता
इंदौर, 20 नवम्बर 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशों के पालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इंदौर द्वारा विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर में मैराथन/वॉकाथॉन, बाइक रैली एवं विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों में विधिक जागरूकता बढ़ाना, निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना तथा सभी के लिए समान न्याय और न्याय तक सुलभ पहुंच का संदेश प्रसारित करना रहा।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायाधीश एवं जिला इंदौर के पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति श्री सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति श्री मिलिंद रमेश फड़के, न्यायमूर्ति श्री विनय सराफ तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अजय श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रातः 7 बजे ‘न्याय के लिए दौड़ें – विधिक जागरूकता की दिशा में प्रत्येक कदम’ अर्थात ‘रन फॉर जस्टिस – ईच स्टेप टुवर्ड्स लीगल अवेयरनेस’ थीम पर आयोजित मैराथन/वॉकाथॉन को न्यायमूर्ति श्री सुबोध अभ्यंकर ने फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। इसमें विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मैराथन से पूर्व प्रतिभागियों के वार्मअप के लिए जुंबा इंस्ट्रक्टर सुश्री प्रीति टेहलियानी एवं उनकी टीम ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक जागरूकता प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए की जा रही पहल, निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं, नागरिकों के अधिकारों तथा नालसा एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही श्रवण एवं वाक बाधित दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया। विधिक जागरूकता के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बाइक रैली का आयोजन भी किया गया। रैली में शामिल प्रतिभागियों को नालसा के लोगो वाली टी-शर्ट एवं कैप प्रदान की गई।
मैराथन प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 7 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। पुरुष वर्ग में पुष्पेन्द्र परसवाल ने प्रथम, राजीव यादव ने द्वितीय तथा नवीन चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विजेन्द्र देवड़ा चौथे स्थान पर रहे। महिला वर्ग के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रवण एवं वाक बाधित दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं, मैराथन के विजेताओं, बाइक रैली के प्रतिभागियों तथा आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले सहयोगियों को शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार श्री अनूप कुमार त्रिपाठी, रजिस्ट्री के अधिकारीगण, न्यायाधीशगण, जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री सुनील अहिरवार, मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता संघ के सदस्यगण, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं जिला न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैनल अधिवक्ता एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे। साथ ही नगर निगम, बैंक, राजस्व, पुलिस, जनसंपर्क विभाग, जिला खेल अधिकारी एवं विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी, पत्रकारगण, मैराथन ग्रुप के प्रतिनिधि, धावक, आयोजन से जुड़ी संस्थाओं एवं सहयोगी फर्मों के प्रतिनिधि, न्यायालय एवं विधिक सेवा के कर्मचारी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि न्याय तक पहुंच प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियां किसी भी व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने से वंचित नहीं कर सकतीं। निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना ही विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।
#RunForJustice #LegalAwareness #Indore #JansamparkMP
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh