कोटा ग्रामीण पुलिस के हत्थे चढ़े पंजाब के तीन 20 हजार के इनामी बदमाश
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी, एक्सयूवी-500 कार भी जब्त
कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन इनामी अपराधियों को डिटेन किया है। तीनों आरोपियों पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान तेजपाल सिंह उर्फ लक्की लाहोरिया, अंकुश कुमार उर्फ बिल्ला और चरणजीत सिंह उर्फ नव लाहोरिया के रूप में हुई है। तीनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और कोकीन व चरस सप्लाई से जुड़े मामलों में एनसीबी को वांछित थे।
मण्डाना थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक्सयूवी-500 कार में सवार तीनों आरोपियों को डिटेन किया। इसके बाद एनसीबी चंडीगढ़ जोनल यूनिट को कार्रवाई की सूचना दी गई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में तथा मण्डाना थानाधिकारी सुमेर सिंह इन्दा के नेतृत्व में की गई।
Ladpura, Kota | Nov 24, 2026