24 घंटे में ज्वैलरी दुकान में चोरी का खुलासा, 6-7 लाख की 5 सोने की चेन उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार्
कोटा। तलवंडी स्थित महावीर ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए की चोरी का जवाहर नगर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय आरोपी दिलीप पंकज चोटी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, हालांकि चोरी की गई सोने की चेन अभी पुलिस के हाथ नहीं लगी हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को दो बदमाश ग्राहक बनकर महावीर ज्वैलर्स पहुंचे थे। दुकान के अंदर मौजूद बदमाश ने पहले अंगूठी देखी और फिर सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकानदार मुकुट बिहारी सोनी ने उसे एक-एक कर पांच चेन दिखाई। इस दौरान आरोपी मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए किसी अन्य व्यक्ति को चेन दिखाने का नाटक करता रहा।
इसी बीच दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ जाते ही आरोपी पांचों सोने की चेन लेकर दुकान से बाहर निकल गया। दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दुकान से करीब 50 मीटर दूर उसका साथी मोटरसाइकिल लेकर इंतजार कर रहा था। दोनों बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।
चोरी हुई पांचों सोने की चेन का वजन करीब 50 से 55 ग्राम और कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपए बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों और पुराने चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी दिलीप पंकज चोटी निवासी बालिता रोड, कुन्हाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फिलहाल चोरी की गई पांचों सोने की चेन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। इस कार्रवाई में जवाहर नगर थाना और कुन्हाड़ी थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।
Ladpura, Kota | Nov 24, 2026