संभावित बाढ़ को लेकर तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण
कमजोर स्थलों के सुदृढ़ीकरण में तेजी लाने का निर्देश, तटबंधों के बीच पर्याप्त मात्रा में रखा जाएगा सैंड बैग
जहानाबाद। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटबंधों की सुरक्षा और बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर निगरानी तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आपदा प्रबंधन कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी, संबंधित अंचलाधिकारी एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के सहायक अभियंता ने संयुक्त रूप से विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तटबंधों की वर्तमान स्थिति, बाढ़ पूर्व तैयारियों तथा संभावित संवेदनशील स्थलों पर चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। तटबंधों के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों के लिए तैयार कार्ययोजना को संतोषजनक पाया गया। संबंधित कार्य भी निर्धारित गति से प्रगति पर मिले।
निरीक्षण दल ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को शेष कार्यों में और तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान दो अन्य संभावित कमजोर स्थलों की भी पहचान की गई। इन स्थलों के तत्काल सुदृढ़ीकरण और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए तटबंधों के मध्यवर्ती उपयुक्त स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में बालू भरे बोरे (सैंड बैग) आरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग कर सुरक्षात्मक, राहत एवं बचाव कार्य किया जा सकेगा।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने, कमजोर स्थलों पर विशेष नजर रखने तथा बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन का उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए संसाधनों और व्यवस्था को पहले से तैयार रखना है।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 23, 2026