पांसल में जीवंत हुई बैलों की अनूठी परंपरा, रंग-बिरंगे श्रृंगार के बाद विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, फिर भड़काए बैल
चारभुजा मंदिर के समीप उमड़ा जनसैलाब, ठाकुरजी की आरती के बाद श्रद्धालुओं को कराया अन्नकूट प्रसाद
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल
राजस्थान की समृद्ध ग्रामीण संस्कृति, लोक आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं की अनूठी झलक ग्राम पंचायत पांसल में देखने को मिली। यहां दीपावली के बाद मनाई जाने वाली पारंपरिक बैल पूजा का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और धार्मिक श्रद्धा के साथ किया गया। इस अनूठे आयोजन में ग्रामीणों ने अपने बैलों का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात परंपरा के अनुसार बैलों को भड़काया गया, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों सहित भीलवाड़ा शहर से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
आयोजन के तहत गांव के किसानों एवं ग्रामीणों ने अपने-अपने बैलों को एक स्थान पर एकत्रित किया। इसके बाद बैलों को आकर्षक रंगों से रंगकर, विभिन्न प्रकार की सजावट और सुंदर श्रृंगार से सजाया गया। सजे-धजे बैलों की छटा देखते ही बन रही थी। शाम को चारभुजा मंदिर के समीप सभी बैलों को एकत्रित किया गया, जहां ग्रामीणों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर अपने पशुधन के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
पूजा-अर्चना के बाद वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार बैलों को भड़काया गया। इस दौरान ग्रामीणों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। लोगों के शोर और उत्साह के बीच बैलों की दौड़ ने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया। इस अनूठे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शक मौजूद रहे।
इसके पश्चात ठाकुरजी की विधिवत आरती की गई तथा उपस्थित ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने पूरे गांव को उत्सव के रंग में रंग दिया।
ग्रामीणों का मानना है कि बैल खेती-किसानी के अभिन्न साथी रहे हैं। खेतों में मेहनत करने से लेकर ग्रामीण जीवन की अर्थव्यवस्था तक बैलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसी सम्मान और कृतज्ञता के भाव से उनकी पूजा करने की यह परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है।
परंपरा और संस्कृति को संजोने की मिसाल बना पांसल
आधुनिकता के इस दौर में भी ग्राम पंचायत पांसल के ग्रामीणों द्वारा अपनी प्राचीन लोक परंपरा को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवंत रखना सराहनीय पहल है। यह आयोजन केवल बैलों की पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि किसानों और पशुधन के बीच आत्मीय संबंध, ग्रामीण एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।