सुवालका समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन 20 नवंबर को: भगवान शालिग्राम जी माता तुलसी सहित बनेंगे 61 जोड़े हमसफ़र, भेजी लग्न पत्रिकाएं, वर-वधुओं के घर पर हुआ आयोजन शुरू
भीलवाड़ा में लग्न पत्रिका लेखन के साथ उत्सव की शुरुआत, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का हुआ भव्य स्वागत
दिनेश कुमार सुवालका (भटेड़ा )
भीलवाड़ा। राजस्थान सुवालका कलाल महासभा संस्थान भीलवाड़ा के तत्वावधान में आगामी 20 नवंबर को भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक समरसता और सादगी की अनूठी मिसाल पेश करने वाले इस ऐतिहासिक मांगलिक उत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। समाज की ओर से सभी चयनित वर-वधुओं के निवास स्थान पर आदरपूर्वक 'लग्न पत्रिकाएं' भेज दी गई हैं, जिसके साथ ही परिवारों में मंगल गीत और पारंपरिक वैवाहिक रस्मों का श्रीगणेश हो गया है।
सम्मेलन के तहत सुवालका भवन, रिंग रोड (भीलवाड़ा) में मुख्य लग्न पत्रिका लेखन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कैलाश सुवालका सांगानेर ने बताया कि सामूहिक विवाह समिति ने उपस्थित समाजजनों के समक्ष सर्वप्रथम विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम जी के विवाह की प्रथम लग्न पत्रिका लिखी। इसके पश्चात शेष 60 वर-वधू जोड़ों को भी मांगलिक विवाह लग्न प्रदान किए गए।
जनप्रतिनिधियों का हुआ बहुमान
विवाह की खुशियों के बीच सुवालका भवन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में सुवालका समाज से विजयी होकर आए जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत-सत्कार किया गया। समाज का गौरव बढ़ाने वाले नवनिर्वाचित सरपंच, पार्षद, उप सरपंच और वार्ड पंचों को साफा पहनाकर, मालाएं अर्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यकारिणी के महामंत्री सत्यनारायण बाबाधाम, श्याम गेता पारोली, बाबूलाल गंगरार, कोषाध्यक्ष अशोक रमाविहार, सचिव देवेन्द्र पीथास, भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष श्याम आजादनगर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जसवंत कंवर की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रवक्ता हीरालाल सुवालका नीमकाखेड़ा ने बताया कि आयोजन को लेकर संपूर्ण समाज में अभूतपूर्व उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।
भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का होगा दिव्य विवाह
आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता इसका आध्यात्मिक स्वरूप है। मंडप में सबसे पहले पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शालिग्राम जी और माता तुलसी का दिव्य विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसी पावन विवाह की साख (सानिध्य) में समाज के 61 जोड़े एक ही पांडाल के नीचे सात फेरे लेकर अपने गृहस्थ जीवन में प्रवेश करेंगे। यह मुख्य सम्मेलन सुवालका भवन, सेक्टर 18, श्री राम गार्डन, नेहरू विहार, रिंग रोड, भीलवाड़ा में संपन्न होगा। प्रबुद्ध जनों ने संदेश दिया कि ऐसे सम्मेलनों से समाज में फिजूलखर्ची और कुरीतियों पर रोक लगती है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।