पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) को मिली मजबूती, सारण को 20 स्कूटी और 15 मोटरसाइकिल
छपरा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बिहार सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। 26 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए राज्यभर में 4,700 स्कूटर एवं मोटरसाइकिल वितरित की गईं।
इस योजना के तहत सारण जिले को 20 स्कूटी और 15 मोटरसाइकिल प्राप्त हुई हैं। इन वाहनों के जरिए पुलिसकर्मी विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े कार्यों को और प्रभावी तरीके से संचालित करेंगे।
अभया ब्रिगेड के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
सारण पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
सारण पुलिस — आपकी सेवा में सदैव तत्पर।
Rahui, Nalanda | Aug 27, 2026