नालंदा - हरनौत बाजार स्थित जी.डी.एम. कॉलेज में विधान परिषद सदस्य प्रोफेसर नवल किशोर यादव का किया गया जोरदार स्वागत, कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं समेत सैकड़ो लोग रहे मौजूद।
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा जिले के हरनौत बाजार स्थित जी.डी.एम. कॉलेज में बिहार विधान परिषद के माननीय सदस्य प्रोफेसर नवल किशोर यादव के सम्मान में सम्मान सह संवाद सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शिक्षा, महाविद्यालय के विकास और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
जी.डी.एम. कॉलेज, हरनौत में आयोजित सम्मान सह संवाद सभा की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभु नाथ प्रसाद सिन्हा ने की। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में माननीय विधान परिषद सदस्य प्रोफेसर नवल किशोर यादव का अभिनंदन किया और महाविद्यालय की ओर से बुके,शॉल और मोमेंटो देकर उनका हार्दिक स्वागत किया।
प्रधानाचार्य श्री सिन्हा ने प्रोफेसर नवल किशोर यादव को श्री कृष्ण की संज्ञा देते हुए कहा कि जिस प्रकार अर्जून के सारथी श्री कृष्ण थे उसी प्रकार अर्जून रुपी शिक्षकों के सारथी श्री कृष्ण के रुप में नवल किशोर यादव हैं।ठीक श्री कृष्ण की तरह शिक्षकों के हर कठिन वक्त में सारथी बनकर उनके रथ को पार लगाते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधान परिषद के माननीय सदस्य प्रोफेसर नवल किशोर यादव ने सम्मान के लिए महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। महाविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं, महाविद्यालय के विकास तथा उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया। प्रोफेसर यादव ने आश्वस्त किया कि शिक्षा जगत से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाने और उनके समाधान की दिशा में हरसंभव सहयोग का प्रयास किया जाएगा।
साथ हीं 20 सितम्बर को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में आने के लिए न्योता भी दिया।
सम्मान सह संवाद सभा के दौरान प्रोफेसर कृष्णनंदन प्रसाद ने संवाद सत्र में अपने विचार रखे। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विकास कार्यों एवं शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी शिक्षा और महाविद्यालय के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए।
साथ हीं बकाया अनुदान और नए वेतनमान की व्यवस्था पर भी सबाल उठाया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. साकेत बिहारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने माननीय अतिथि प्रोफेसर नवल किशोर यादव, प्राचार्य डॉ. शंभु नाथ प्रसाद सिन्हा, सभी शिक्षकों एवं उपस्थित सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जी.डी.एम. कॉलेज, हरनौत में आयोजित सम्मान सह संवाद सभा आपसी संवाद, शैक्षणिक विकास और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर बनी।
Rahui, Nalanda | Sep 15, 2026