DC ऑफिस में बंदर का 'नोटों वाला ड्रामा'! पेड़ पर चढ़कर उड़ाए 81,800 रुपये, नीचे नोट बटोरते रह गए लोग!
शिमला: राजधानी शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में एक बंदर ने ऐसी उछलकूद मचाई कि देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे एक व्यक्ति की जेब से बंदर 81,800 रुपये का पैकेट लेकर फरार हो गया और सीधे पेड़ पर जा चढ़ा।
इसके बाद शुरू हुआ बंदर का अनोखा 'नोटों वाला खेल'। पेड़ पर बैठकर बंदर पैकेट से नोट निकालता और नीचे फेंकता रहा। देखते ही देखते हजारों रुपये पेड़ के नीचे बिखर गए। अपनी मेहनत की कमाई को हवा में उड़ता देख व्यक्ति के होश उड़ गए।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सभी ने मिलकर पेड़ के आसपास बिखरे नोट समेटने शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम बरामद कर ली गई, लेकिन व्यक्ति के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया।
डीसी ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में बंदरों की इस हरकत ने एक बार फिर लोगों की परेशानी सामने ला दी है। सवाल यह है कि आखिर कब तक शिमला में बंदरों का आतंक यूं ही लोगों की जेब पर भारी पड़ता रहेगा?
Solan, Solan | Nov 12, 2026