भगवान वराह प्राकट्य महोत्सव कल, भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी
सोरों। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में भगवान श्री वराह प्राकट्य महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। कल 13 सितंबर को गंगा वराह गण सभा के संयोजन में भगवान श्री वराह प्राकट्य महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
महोत्सव के दौरान भगवान श्री वराह का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। वहीं, शाम को मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन होगा।
भगवान श्री वराह प्राकट्य महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है। भव्य फूल बंगला तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही हरि की पैड़ी को भी भव्य रोशनी से सजाया जा रहा है।
महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अखंड भंडारे का आयोजन किया जाएगा और प्रसाद वितरण भी होगा। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर सेवायत नरेश त्रिगुणायत ने बताया कि भगवान श्री वराह प्राकट्य महोत्सव प्रत्येक वर्ष गंगा वराह गण सभा के संयोजन में आयोजित किया जाता है। इस बार भी दुग्धाभिषेक, छप्पन भोग, फूल बंगला और भव्य महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्री वराह के दर्शन करने और महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
सोरों से सचिन उपाध्याय की रिपोर्ट, सोरों लाइव 24।
#varahjayanti #soron #varahpraktya