प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
18 जून 2026
शीर्षक: जमुई में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक दिवसीय रोजगार एवं कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन।
जमुई, : युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार, पटना के तत्वाधान में आज जिला नियोजनालय, जमुई द्वारा संयुक्त श्रम भवन, सोनपे के परिसर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम-सह-कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी रोजगारपरक योजनाओं से अवगत कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS), राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) तथा मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना (CM Pratigya) जैसी महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मण्डल, बिहार कौशल विकास मिशन के समन्वयक श्री संजय कुमार, मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के डिमांड एग्रीगेशन स्पेशलिस्ट श्री निशांत कुमार, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप व नैप्स योजना के आधिकारिक प्रतिनिधि तथा जमुई की जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री शिखा राय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपस्थित अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने युवाओं को इन तीनों योजनाओं के दूरगामी उद्देश्यों और उनसे मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे इन योजनाओं के माध्यम से युवा न केवल देश और राज्य के प्रतिष्ठित संस्थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण (ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग) प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड से आर्थिक रूप से भी सुदृढ़ हो सकते हैं। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बदलते दौर में केवल किताबी ज्ञान काफी नहीं है, बल्कि तकनीकी हुनर और व्यावहारिक अनुभव ही युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोल सकता है।
इसी क्रम में बिहार कौशल विकास मिशन के समन्वयक श्री संजय कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय शिक्षण और औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से इन योजनाओं में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी निभाने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय संस्थान आगे आकर सरकार के इस प्रयास में सहयोग करेंगे, तो जिले के युवाओं को उनके घर के पास ही कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के सर्वोत्तम अवसर सुलभ हो सकेंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा। कार्यक्रम के समापन पर जिला नियोजन पदाधिकारी सुश्री शिखा राय ने कार्यशाला को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, संस्थान प्रतिनिधियों और युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी युवाओं के मार्गदर्शन के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
#districtmagistratejamui #jamuinews #jamui #bihardistrictadministration Information & Public Relations Department, Government of Bihar General Administration Department, Govt. of Bihar
100 views | Jamui, Bihar | Jun 18, 2026