प्रगणकों को भी मिले निर्वाचन कार्य का मानदेय, महासंघ ने सौंपा ज्ञापन
ओसियां। निर्वाचन कार्य में लगे प्रगणकों को मानदेय एवं भत्ता देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ विद्यालय शिक्षा ओसियां ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी रामनिवास मेहता को राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलेक्टर) के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन खंड अध्यक्ष प्रेम प्रकाश प्रजापत के नेतृत्व में सौंपा गया।
खंड मंत्री चुतराराम चौधरी ने बताया कि निर्वाचन कार्य में लगे बीएलओ और मतदान दलों में शामिल कार्मिकों को मानदेय एवं भत्ता दिया जाता है, जबकि पंचायत चुनाव के दौरान प्रगणक भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। प्रगणकों द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने और नाम हटाने सहित निर्वाचन संबंधी कार्य किए जाते हैं। मतदान दिवस पर भी वे पूरे दिन अपनी सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद उन्हें किसी प्रकार का मानदेय या भत्ता नहीं दिया जाना अनुचित है।
उन्होंने मांग की कि मतदान दलों के कार्मिकों की तर्ज पर प्रगणकों को भी निर्वाचन कार्य के लिए उचित मानदेय दिया जाए।
महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रम सिंह भाटी ने जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों के प्रथम चरण के कार्य का मानदेय अब तक जमा नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों का बकाया मानदेय जल्द से जल्द जारी करने की मांग की।
मीडिया सह प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि इस दौरान गोपाल भाटी, कुंभाराम जाखड़, गुलाबाराम मेघवाल, मुकेश कुड़ी, गेन सिंह राजपुरोहित, लिखमाराम, अनुसिंह, भोजराज सिंह, भोमाराम, पदम सिंह, सुशील सांखला, किशन सोलंकी, चम्पालाल सुथार, प्रमिल कुमार, अंबालाल मीना, भगाराम गोदारा, अजय चौधरी, रामविलास विश्नोई, आदुराम, खुशाल सेन, भेरूलाल पंचारिया और गोपीचंद सहित अनेक प्रगणक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
Osian, Jodhpur | Oct 9, 2026