नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु पलवल पुलिस का अभियान जारी; सरस्वती विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जनौली में विद्यार्थियों को किया गया जागरूक।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के निर्देशन में नशा मुक्ति टीम ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत, दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ एवं दी मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशानुसार जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पलवल पुलिस की विशेष नशा मुक्ति टीम द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में निरंतर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सरस्वती विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जनौली में एक विशेष नशा जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति पुलिस टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों, विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक तथा सामाजिक नुकसान के प्रति विस्तार से जागरूक किया। टीम ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए उन्हें हर प्रकार के नशे और बुरी संगत से दूर रहकर अपनी शिक्षा, खेलकूद और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारत सरकार के नशा मुक्ति 'मानस' राष्ट्रीय हेल्पलाइन पोर्टल एवं टोल-फ्री नंबर 1933 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि इस नंबर पर कोई भी नागरिक मादक पदार्थों की तस्करी अथवा अवैध बिक्री से संबंधित गोपनीय सूचना साझा कर सकता है, जहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है। इसके अतिरिक्त, नशे की गिरफ्त में फंसे व्यक्तियों की काउंसलिंग व पुनर्वास के लिए 24x7 निःशुल्क सहायता भी प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर नशा मुक्ति टीम द्वारा विद्यालय परिसर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा अपने परिजनों व समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता कुमारी, विद्यालय का समस्त स्टाफ, संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता कुमारी व प्रबंधन ने पलवल पुलिस प्रशासन की इस जनहितैषी एवं सराहनीय पहल का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।