प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालन्दा
..................................................
जिलाधिकारी ने जन-सुनवाई में 36 फरियादियों की समस्याएं सुनीं
जन-शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता
बिहारशरीफ (नालंदा), 05 अक्टूबर 2026 : जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने आज आयोजित जन-सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 36 फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की नियमानुसार जाँच कर त्वरित, निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन-सुनवाई के दौरान भूमि पर दखल-कब्जा एवं मालगुजारी रसीद निर्गत कराने, शहीद के पैतृक ग्राम में उनके नाम से शहीद द्वार का निर्माण एवं विद्यालय का नामकरण, वृद्धावस्था पेंशन चालू कराने एवं बकाया पेंशन के भुगतान, धान की फसल को जहरीला पदार्थ डालकर नष्ट करने, मकान का ताला तोड़ने एवं साक्ष्य मिटाने, भूमि विवाद, विद्युत बिल में सुधार तथा बेन प्रखंड के ऑट पंचायत के वार्ड संख्या-06 में नल-जल योजना से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं।
भूमि पर दखल-कब्जा एवं मालगुजारी रसीद से संबंधित शिकायतों के निष्पादन हेतु अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नालंदा को निर्देशित किया गया।
शहीद के नाम से पैतृक ग्राम में शहीद द्वार के निर्माण एवं विद्यालय का नामकरण से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
वृद्धावस्था पेंशन चालू कराने एवं पाँच माह के बकाया पेंशन भुगतान से संबंधित शिकायतों के निवारण हेतु सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नालंदा को निर्देशित किया गया।
धान की फसल को जहरीला पदार्थ डालकर नष्ट करने से संबंधित शिकायत के निष्पादन हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, हिलसा को जाँच एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
मकान का ताला तोड़ने, साक्ष्य मिटाने एवं भूमि विवाद से संबंधित मामले के निष्पादन हेतु भूमि सुधार उप समाहर्ता, हिलसा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
विद्युत बिल से संबंधित समस्या के समाधान हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत (ग्रामीण), बिहारशरीफ को निर्देशित किया गया।
वहीं, बेन प्रखंड के ऑट पंचायत के वार्ड संख्या-06 में नल-जल योजना से संबंधित शिकायत के निवारण हेतु कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बिहारशरीफ को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल सुनने तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक शिकायत की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए नियमानुसार निष्पक्ष जाँच, गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Press Information Bureau - PIB, Government of India
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Social Welfare Department, Government of Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Energy Department, Bihar
Rural Development Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Oct 5, 2026