पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और मौका, संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएं गणना प्रपत्र : डीसी
दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 20 नवंबर तक, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को होगा
करनाल, 10 नवंबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल न हो पाने वाले पात्र मतदाताओं को एक और अवसर प्रदान किया है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि की श्रेणी में रखे गए तथा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रह गए मतदाता अब दोबारा अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा करवा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने से वंचित न रहे।
डॉ. आनंद कुमार शर्मा आज जिला सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ एसआईआर कार्य की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित मतदाताओं के लिए शीघ्र गणना प्रपत्र छपवाकर बीएलओ को उपलब्ध करवाए जाएं तथा सभी बीएलओ को इस संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर मुनादी करवाने सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 20 नवंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 30 नवंबर 2026 को होगा।
मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध होंगी सूचियां
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि एसआईआर के दौरान प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रहे मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी और शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनमें मतदाता का नाम प्रारूप सूची में शामिल न होने के संभावित कारणों का भी उल्लेख होगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान के क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा पुराने मतदाता पहचान पत्र नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर उसे भरने की सुविधा उपलब्ध है।
निवास स्थान नहीं बदलने वाले मतदाताओं के लिए यह है प्रक्रिया
डीसी ने बताया कि यदि संबंधित मतदाता अपने पुराने निवास स्थान पर ही रह रहा है और पहले गणना प्रपत्र जमा नहीं करवा पाया था, तो वह भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र तथा निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकता है। घोषणा पत्र में पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण बताना होगा। यह प्रपत्र संबंधित ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से जमा करवाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ईसीआईनेट पर ई-साइन के माध्यम से ऑनलाइन प्रपत्र जमा करवाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
हरियाणा में दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हुए मतदाताओं को फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं
उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता हरियाणा राज्य के भीतर ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को अपने नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-सी) एवं निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। यह प्रपत्र संबंधित वर्तमान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के ईआरओ अथवा एईआरओ के पास जमा करवाया जा सकता है। मतदाता नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी इस संबंध में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध 'बुक अ कॉल' सुविधा के माध्यम से भी बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। वहीं, बेघर व्यक्तियों के पास निवास प्रमाण से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को पर्याप्त माना जाएगा।
फॉर्म-6 जमा करवाने वाले मतदाताओं को दोबारा गणना प्रपत्र भरने की जरूरत नहीं
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा फ़ार्म एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का सत्यापन और निस्तारण निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित ईआरओ द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे तथा उन्हें एसआईआर से पहले आवंटित ईपीआईसी नंबर पुनः आवंटित किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने वाला कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे। साथ ही मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को रोकना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
अंत में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें और आवश्यक गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक इसकी जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें।
Thanesar, Kurukshetra | Nov 10, 2026