नवाचार से रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ें छात्राएंः इशी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल, कैंपस इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर, एंटरप्रेन्योरशिप वर्टिकल के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय उद्यमिता दिवस सेलिब्रेट किया गया। इनोवेशन एंबेसडर इशी ने छात्राओं को नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमशीलता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ सुरिंदर कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक, सीआईआईसी कोऑर्डिनेटर ममता थापर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इशी ने कहा कि किसी भी सफल उद्यम की शुरुआत एक नए विचार और समस्या के समाधान की सोच से होती है। युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता पहचानकर नए विचारों पर काम करना चाहिए और उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने विचारों को व्यावसायिक उपक्रमों में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने नवाचारी विचारों, रचनात्मक अवधारणाओं और व्यावहारिक समाधानों का प्रदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न व्यावसायिक एवं उद्यमशीलता संबंधी विचार प्रस्तुत करते हुए उसकी उपयोगिता और संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास के साथ विचार साझा करने का अवसर मिला।
डॉ सुरिंदर कौर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मनिर्भरता, नवाचार और उद्यमशीलता की सोच विकसित करना रहा। ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ परमेश कुमार, डॉ शिखा सभ्रवाल, जसमीत, शैली व वैशाली ने योगदान दिया।