*राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में डिंडौरी के सात खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन*
*मध्य भारत की टीम बनी उपविजेता, फाइनल मुकाबले में हासिल किया दूसरा स्थान*
भोपाल में आयोजित 7वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में डिंडौरी जिले के सात खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। इंडियन कबड्डी फेडरेशन के अंतर्गत 18 से 20 नवंबर तक LNCT यूनिवर्सिटी स्टेडियम, भोपाल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मध्य भारत की जूनियर कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि में डिंडौरी के सात खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में डिंडौरी जिले के कमलेश मार्को, भूपेंद्र सैयाम, विकास सोनवानी, अनुराज यादव, गजेंद्र वरकड़े, लुकेश धूमकेती एवं अरमाननाथ परिहार ने मध्य भारत की जूनियर कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व किया। इन खिलाड़ियों ने मैदान में बेहतरीन तालमेल, खेल कौशल एवं संघर्ष क्षमता का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा साबित की। खिलाड़ियों ने सीनियर खिलाड़ी राम मरावी के साथ टीम का हिस्सा बनकर प्रतियोगिता में सहभागिता की। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मध्य भारत की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
*नियमित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे खिलाड़ी*
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चेतराम अहिरवार के विशेष प्रयासों से सामुदायिक भवन, साकेत नगर में बालक-बालिकाओं को नियमित रूप से कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला कबड्डी संघ डिंडौरी के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं बेहतर मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
*जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दी बधाई*
जिले के सात खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत, जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, खेल अधिकारी श्री मोहम्मद अहमद सहित सीनियर खिलाड़ियों ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ खेलते रहने के लिए प्रेरित किया। जिले के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा डिंडौरी में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों को नई दिशा प्रदान करेगी।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JuniorNationalKabaddi #KabaddiChampionship2026 #Kabaddi #SportsAchievement #TeamMadhyaBharat #RunnerUp #DindoriPlayers #SportsTalent #YouthSports #ProudMoment #SportsDevelopment #CollectorDindori #jansamparkdindori
9 views | Dindori, Madhya Pradesh | Nov 21, 2026