एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के संबंध में समन्वय बैठक सम्पन्न
---
जिले में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉकड्रिल के संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने कहा कि इस प्रकार की मॉकड्रिल नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों को पूर्वाभ्यास, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागवार कार्ययोजना समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में जिले के चयनित क्षेत्र में एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी संबंधित विभाग निर्धारित दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करेंगे।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड्स श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने इस अवसर पर एयर रेड चेतावनी प्रणाली, ब्लैकआउट की अवधारणा, मॉकड्रिल के उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल का उद्देश्य किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति में प्रशासनिक तंत्र एवं नागरिक सुरक्षा संसाधनों की तत्परता का परीक्षण करना तथा विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र तारनेकर ने मॉक ड्रिल के चरणबद्ध संचालन, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, कानून व्यवस्था तथा पुलिस एवं सहयोगी विभागों की भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खण्डवा श्री ऋषिकुमार सिंघई , सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर , एनसीसी बटालियन के मेजर श्री राजेन्द्र सिंह, जिला युवा अधिकारी सुश्री पल्लवी दुबे, कंपनी कमांडर श्री रवींद्र महिवाल, प्लाटून कमांडर श्री मनीष यादव सहित विद्युत विभाग, नगर निगम, एनसीसी, परिवहन विभाग, तहसील, पुलिस, प्रशासन, होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ के सैनिक भी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Home Department of Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
SP Khandwa
#khandwa
43 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Jul 24, 2026