बुलेट से पटाखे बजाकर सड़क पर हुड़दंगबाजी करना युवक को पड़ा भारी
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने किया पीछा तो मार्केट की तरफ दौड़ाई बाइक, नाकाबंदी कर पुलिस ने किया जब्त, यातायात नियमों की उल्लंघना पर 36,500 का चालान
पंचकूला 15 अक्टूबर:- पंचकूला की सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर हुड़दंगबाजी करने और यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। इसी कड़ी में आज दोपहर करीब 2 बजे सेक्टर-20 क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर हुड़दंगबाजी करते एक युवक को देखा। पुलिस अधिकारी को देखकर युवक ने रुकने के बजाय अपनी मोटरसाइकिल मार्केट की तरफ दौड़ा दी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी की और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में मोटरसाइकिल का कुल 36,500 रुपये का चालान किया गया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को थाना में खड़ा करवा दिया है। सड़क पर पटाखे बजाकर लोगों को परेशान करने, हुड़दंगबाजी करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की दो टूक चेतावनी- संभल जाओ, सड़क पर चलने के नियम सीखो
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सख्त शब्दों में कहा कि पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद कुछ युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे युवकों को समय रहते संभल जाना चाहिए और समझना चाहिए कि सड़कें स्टंटबाजी, पटाखे बजाने या हुड़दंग मचाने के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सड़कों पर केवल ऐसे युवक ही नहीं, बल्कि बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और परिवार भी सफर करते हैं। किसी की लापरवाही दूसरे व्यक्ति के लिए गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, जिसका दर्द पूरे परिवार को जिंदगीभर झेलना पड़ सकता है।
पुलिस कमिश्नर ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे बेहद दुखद होते हैं और कई बार एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन लेती है। नागरिकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia