बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के गोधना पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दरगहपुर ठाकुरवाड़ी में सोमवार को वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक आनंद त्रिवेदी ने की, जबकि संचालन पूर्व संकुल समन्वयक डॉ. मनोरंजन कुमार राय ने किया। कार्यक्रम में शिरकत किए अतिथियों का विद्यालय परिवार ने फूल-माला चादर से सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित श्री संत कुमार साहनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय करुणातर के प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष राय, सेवानिवृत्त शिक्षक रविन्द्र शर्मा और विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि संत कुमार साहनी ने बच्चों को संबोधित करते हुए पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पेड़ छाया, फल और औषधियाँ प्रदान करते हैं, पशुओं को आश्रय देते हैं, तथा कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वातावरण को प्रदूषण मुक्त रखते हैं।
शिक्षक आनंद त्रिवेदी ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वार्षिक वृक्षारोपण उत्सव है, जो प्रति वर्ष 1 जुलाई से 7 जुलाई तक पूरे देश में मनाया जाता है। इस उत्सव की शुरुआत सन् 1950 में तत्कालीन केंद्रीय कृषि एवं खाद्य मंत्री डॉ. के. एम. मुंशी ने की थी। इसका लक्ष्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे शुद्ध हवा, बढ़ता जलस्तर और हरी-भरी धरती सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने प्रोजेक्ट आधारित अधिगम प्रदर्शनियाँ, पौधारोपण, रंगोली और 'वेस्ट टू वेल्थ' सामग्री से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट कार्य प्रस्तुत किए। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों और शिक्षकों के प्रयासों की खूब सराहना की। इस अवसर पर शिक्षिका सविता कुमारी, रागिनी कुमारी, खुशबू कुमारी, शिक्षक किसलय कुमार, प्रवीण सिंह, गोधना पंचायत के सरपंच नीरज कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।