#भरतपुर। वन विभाग ने बयाना क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर नकेल कसते हुए गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। भरतपुर के उप वन संरक्षक पी. बालागुरूगन के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत गश्ती टीम ने कैर-कलसाडा मार्ग और बीरमपुरा-फरसो पुलिया के बीच दबिश देकर चेजा पत्थर से भरी कुल 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। विभाग की पहली कार्रवाई कैर-कलसाडा रोड पर हुई, जहां बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से चेजा पत्थर ले जा रहीं 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। टीम ने तीनों वाहनों को तुरंत कब्जे में लेकर बयाना रेंज कार्यालय पहुंचाया, जहां उनके खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी कार्रवाई बीरमपुरा और फरसो पुलिया के मध्य अंजाम दी गई, जहां टीम ने 2 और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध खनन का पत्थर ले जाते हुए पकड़ा। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह चेजा पत्थर आसपास के पहाड़ी इलाकों में अवैध खनन करके निकाला गया था और इसे बिना किसी वैध रवन्ने या कागजात के मंडी की ओर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से चालकों को भी हिरासत में लिया गया।