#भरतपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में भव्य मानव श्रृंखला एवं मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी के निर्देशानुसार और नगर निगम सचिव विजय प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित इस स्वीप कार्यक्रम के तहत नेहरू पार्क किला से श्री बांके बिहारी जी मंदिर म्यूजियम तक विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई। सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट गिरिराज प्रसाद गर्ग ने उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। आईसीडीएस के उपनिदेशक सिकारामाराम चोयल के अनुसार, प्रतिभागियों ने ‘घर-घर जाएंगे, मतदान कराएंगे’ और ‘18 वर्ष की उम्र है आई, मतदान की जिम्मेदारी भी आई’ जैसे नारों के जरिए आमजन को प्रेरित किया। कार्यक्रम में भारत स्काउट गाइड, एमएसजे कॉलेज रोवर, स्वयं सहायता समूहों और महिला बाल विकास विभाग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सभी से आगामी 9 सितंबर को अपने मताधिकार का अनिवार्य प्रयोग करने की अपील की।